सुल्तानपुर। जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती बंदी से मिलने पहुंचे पांच युवकों को सोमवार की देर रात एएसपी ने छापा मारकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की तलाशी लेने के बाद पुलिस ने मंगलवार को पांचों का चालान कर दिया। पुलिस ने ये कार्रवाई अपराधियों के जिला अस्पताल में होने की सूचना के बाद की।
कोतवाली नगर क्षेत्र के रामनगर कोट निवासी अपराधी जितेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना बीते दिनों से फौजी अजय प्रताप सिंह की हत्या के मामले में जेल में निरुद्ध है। उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। सोमवार की रात एएसपी प्रद्युम्न सिंह को सूचना मिली कि अपराधी जितेंद्र प्रताप सिंह से मिलने 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश पंकज सिंह पहुंचा है।
इसी सूचना के बाद एएसपी ने सीओ सिटी नवीन कुमार सिंह, नगर कोतवाल वीपी सिंह के साथ जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में छापा मार दिया। पुलिस ने पूरे वार्ड की सघन जांच की। आईसीयू वार्ड में मौजूद बंदी जितेंद्र प्रताप सिंह का भाई शारदा प्रसाद सिंह व महमूदुल हसन पुत्र नूरुल हसन निवासी अमहट, अरविंद कुमार शुक्ला पुत्र गिरिजा प्रसाद निवासी राहुल टॉकीज कोतवाली नगर, प्रवीण तिवारी पुत्र श्यामशंकर तिवारी निवासी कबरपुर कोतवाली लंभुआ और मनीष कुमार पुत्र राजेश कुमार निवासी पूरे मितई थाना कूरेभार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पांचों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची। मंगलवार को पांचों युवकों का पुलिस ने 151 में चालान कर दिया। उधर बंदी जितेंद्र प्रताप सिंह की पत्नी सावित्री सिंह ने एएसपी और सीओ सिटी पर अभद्रता का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि पुलिस ने देर रात अस्पताल के वार्ड में छापा मारकर उसके निर्दोष देवर और साथियों को गिरफ्तार किया। उसने पुलिस टीम पर रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है।