वाहन से भिड़ंत के बाद पेड़ से टकराया ट्रक, चालक की मौत
सुल्तानपुर। इलाहाबाद-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर पटना चौराहे के समीप रविवार देर रात शीतल पेय की बोतलें लदी पिकअप को पीछे से टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित ट्रक पेड़ से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद हाईवे पर बोतलें बिखर गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया।
कूरेभार क्षेत्र के पटना चौराहे के समीप रविवार रात करीब ढाई बजे शीतल पेय पदार्थ की बोतलें लदी एक पिकअप खड़ी थी। चालक व खलासी वाहन से नीचे उतरकर किसी से बात कर रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार एक ट्रक ने पिकअप को पीछे से टक्कर मार दिया। टक्कर के बाद ट्रक एक पेड़ से टकराकर पलट गया।
हादसे में ट्रक चालक इनामुल हसन (36) निवासी मऊ आइमा जिला इलाहाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, पिकअप पर लदी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। इससे यातायात जाम हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कराया।