एसडीएम ने पकड़ा अवैध बालू खनन, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
अमेठी। गोमती नदी से अवैध बालू के खनन की सूचना पर उपजिलाधिकारी ने शनिवार को पुलिस टीम के साथ छापा मारा। छापे के दौरान खनन में लिप्त लोग नदी तैरकर फरार हो गए। पुलिस ने खनन निरीक्षक की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है।
एसडीएम देवी दयाल वर्मा को शनिवार की सुबह गाजनपुर गांव में नदी से बालू के अवैध खनन की सूचना मिली। सूचना पर एसडीएम ने प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव के साथ गाजनपुर गांव में छापा मारा। पुलिस के पहुंचने की सूचना पर खनन में जुटे कई लोग मौके से भाग खड़े हुए। कुछ लोग तो ठंड की परवाह किए बिना ही नदी से तैर कर भाग गए। टीम ने मौके से दो बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। खनन निरीक्षक राघवेंद्र सिंह की तहरीर पर चालक स्वामीनाथ, हंसराज, राम करन तथा तीनों वाहन स्वामियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।