व्यवसायी समेत दो लोगों से
नकदी व मोबाइल की लूट
क्रासर
एक वारदात में शामिल तीन युवकों को पुलिस ने पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
भादर/जगदीशपुर (अमेठी)। अलग-अलग स्थानों पर बाइक सवार बदमाशों ने व्यवसायी समेत दो लोगों से आठ सौ रुपये और तीन मोबाइल सेट लूटकर फरार हो गए। सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने तीन लुटेरों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पहली घटना पीपरपुर थाना क्षेत्र के बाबूगंज बाजार से जुड़ी है। बाजार में रवींद्र प्रताप यादव की मेडिकल स्टोर की दुकान है। रविवार की रात रवींद्र दुकान बंद करके बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में बैजूपुर नहर के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोककर तमंचा सटा दिया। इसके बाद उनके पास जेब में रखे पांच सौ रुपये और एक सेट मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। दूसरी घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के देवकली-थौरी मार्ग पर स्थित नहर के पास हुई। सोमवार की दोपहर बाद बाइक सवार विकास पुत्र जग नारायण निवासी दखिनगांव थाना जगदीशपुर बाइक से घर जा रहा था। तभी एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसे रोककर तमंचा सटा दिया। इसके बाद उसके जेब में रखे तीन सौ रुपये और दो सेट मोबाइल लूटकर फरार हो गए। विकास ने राहगीर के मोबाइल सेट से इसकी सूचना यूपी 100 को दे दी। सूचना के बाद पहुंची यूपी 100 ने पीड़ित को जीप पर बैठाकर क्षेत्र में बदमाशों की खोजबीन शुरू कर दी। इस दौरान विकास से रुपये व मोबाइल सेट लूटने वाले तीनों युवक दिखाई पड़ गए। तीनों को पुलिस ने हिरासत में लेकर बाइक जब्त कर ली।