छात्रा की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर डाली अश्लील पोस्ट
सुल्तानपुर। बीफार्मा की एक छात्रा की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील पोस्ट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने छात्रा की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
शहर से सटे एक कॉलेज में एक युवती बीफार्मा कर रही है। युवती के फेसबुक पर उसके नाम से एक फर्जी आईडी बनाकर काफी दिनों से अश्लील पोस्ट डाली जा रही है।
छात्रा ने इसकी शिकायत पूर्व में लिखित तौर पर नगर कोतवाली पुलिस से की थी। पहले से पुलिस ने कई दिनों तक केस ही नहीं दर्ज किया। जब उच्चाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया तो पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स से मुलाकात करने पहुंची छात्रा ने कहा कि पुलिस ने तफ्तीश के नाम पर खानापूर्ति करके मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया।
उसे यह नहीं बताया जा रहा है कि आखिर उसके नाम से किसने फर्जी आईडी बनाई। एसपी ने छात्रा को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।