कुएं से बरामद हुआ बुजुर्ग का शव
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के डाडी गांव में स्थित एक कुएं से बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सरैया दुबान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिनेश मौर्य ने मंगलवार देर शाम कोतवाली पुलिस को डाडी गांव के खेतों को पास स्थित एक कुएं में शव मिलने की सूचना दी।
कुएं में शव होने की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक रविशंकर तिवारी अपने हमराहियों के साथ गांव पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से बुजुर्ग का शव कुएं से निकलवाया।
शव की पहचान पुलिस ने करा ली है। कोतवाली निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान जनपद प्रतापगढ़ के थाना उदयपुर के गांव विजई का पुरवा निवासी छोटेलाल (65) के रूप में हुई है। बताया कि शव का पंचनामा कराकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।