दुकान का शटर तोड़कर डेढ़ लाख की चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
अमेठी। शहर के धम्मौर मार्ग पर स्थित दुकान का शटर तोड़कर बुधवार रात चोर गल्ले में रखे 12 हजार रुपये की नकदी समेत करीब डेढ़ लाख का माल उठा ले गए। चोरी की वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित दुकानदार ने मामले की तहरीर थाने में दी है।
शहर स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी विक्रम सिंह अमेठी धम्मौर मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप के समीप दुकान करते हैं। बुधवार देर शाम विक्रम दुकान बंद कर घर चले गए। बृहस्पतिवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर टूटा देख दंग रह गए। विक्रम ने अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान अस्त-व्यस्त था और गल्ले की दराज टूटी थी।
पीड़ित के अनुसार चोर गल्ले का ताला तोड़ कर उसमें रखी 12 हजार नकदी व दुकान से चार टीवी समेत करीब डेढ़ लाख का सामान उठा ले गए हैं। पीड़ित के मुताबिक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की घटना कैद हो गई है। पीड़ित की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच की।