घर में घुसकर महिला
से सामूहिक दुराचार
क्रासर
विरोध पर पीड़िता और उसके बेटे को पीटा
कोतवाल ने पीड़िता को चौकी पर भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
चांदा (सुल्तानपुर)। दिनदहाड़े घर में घुसकर चार युवकों ने एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला के विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी और बेटे की पिटाई कर दी। अपने साथ हुई दरिंदगी की तहरीर लेकर कोतवाली पहुंची महिला को कोतवाल ने कोइरीपुर चौकी भेज दिया। कोतवाल के व्यवहार से आहत महिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने की गुहार लगाई। फिलहाल प्रभारी मंत्री के जिले में होने के कारण पीड़िता एसपी से नहीं मिल सकी।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे घर में मौजूद थी। तभी गांव के ही चार युवक उसके घर में घुस गए। चारों युवकों ने महिला को बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी पिटाई भी की। मां की चीख सुनकर उसका किशोर उम्र बेटा पहुंचा तो आरोपियों ने उसे भी पीट दिया। दुष्कर्म के बाद चारों आरोपी महिला और उसके बेटे को धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता अपने बेटे के साथ चांदा कोतवाली पहुंची तो कोतवाल अनिल सोनकर ने प्रकरण को गंभीरता से नहीं लिया और उसे कोइरीपुर पुलिस चौकी भेज दिया। उसके बाद महिला और उसका बेटा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। जिले में प्रभारी मंत्री का दौरा होने की वजह से एसपी रोहन पी कनय दफ्तर में नहीं मिले।
इनसेट
संज्ञान में नहीं मामला: एसओ
सुल्तानपुर। चांदा कोतवाल अनिल सोनकर ने कहा कि सोनावां गांव की एक महिला उनके पास आई थी। उसे कोइरीपुर पुलिस चौकी भेजा था। घटना के पीछे जमीन विवाद का कुछ मामला था। सामूहिक दुष्कर्म जैसा कोई मामला संज्ञान में नहीं है।