माइनर में गिरी बाइक, महिला की मौत
सुल्तानपुर। क्षेत्र में शनिवार रात एक बाइक अनियंत्रित होकर माइनर में जा गिरी। हादसे में बाइक पर बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। उसका पति और दुधमुंही बच्ची बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता ने बेटी के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने छानबीन कर रही है।
अखंडनगर क्षेत्र के नगरी (भेड़ी घाट) निवासी छोटेलाल की पुत्री शिम्पी (23) की शादी तीन वर्ष पूर्व कादीपुर के चंदौली गांव निवासी रामकेवल के बेटे विजय के साथ हुई थी। शिम्पी ने एक वर्ष पहले बेटी जान्हवी को जन्म दिया था। विजय दोस्तपुर क्षेत्र के बेलवारे बाजार में मोबाइल शॉप चलाता है। शनिवार को विजय पत्नी का आधार कार्ड बनवाने के लिए बेलवारे बाजार ले गया था। रात करीब साढ़े आठ बजे मोबाइल शॉप बंद करके दुधमुंही बेटी जान्हवी के साथ घर लौटते समय हरिहरपुर गांव के समीप अचानक अनियंत्रित होकर उसकी बाइक माइनर में जा गिरी।
हादसे में शिम्पी की मौके पर ही मौत हो गई। विजय और बेटी बाल-बाल बच गए। रविवार सुबह शिम्पी की मौत की सूचना पाकर पहुंचे छोटेलाल ने ससुराल वालों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया। छोटेलाल ने पति समेत तीन के खिलाफ दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या किए जाने की तहरीर दोस्तपुर थाने में दी है। इस बाबत थानाध्यक्ष अनिल सोनकर ने बताया कि उन्हें तहरीर मिली है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।