मकान में घुसा अनियंत्रित ट्रक, दो घायल
सुल्तानपुर। सेमरी बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे स्थित एक मकान में सोमवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक घुस गया। इस हादसे में मकान में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए लेकिन ट्रक चालक व खलासी घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने चालक की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जयसिंहपुर क्षेत्र के विरैता गांव निवासी अच्छेलाल अग्रहरि का सड़क किनारे मकान है। सोमवार देर रात करीब 12 बजे एक ट्रक अनियंत्रित होकर अच्छेलाल के मकान में घुस गया। हादसे के वक्त मकान में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। दुर्घटना में ट्रक का चालक सूरज निवासी रसूलपुर थाना टांडा जिला अंबेडकरनगर और खलासी कर्ण निवासी रानी बाजार जिला फैजाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सूरज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक चालक को नींद आने के चलते यह हादसा हुआ।