बल्दीराय थाना क्षेत्र के बीही निदूरा गांव में शुक्रवार की दोपहर बाद करीब दो बजे अचानक एक मकान में आग लग गई। तेज पछुआ हवा चलने की वजह से आस-पास के मकान भी चपेट में आ गए। देखते ही देखते पूरा गांव आग की चपेट में आ गया। घरों में मौजूद महिलाएं, बच्चे और पुरुष जान बचाकर बाहर की ओर भागे।
इस दौरान गीता उर्फ उदैला (40) पत्नी रामरूप अंदर ही फंस गई, जिससे वह जिंदा जल गई। ग्रामीणों ने आग की सूचना समय रहते ही फायर कर्मियों को दे दी। बावजूद इसके दो घंटे तक फायर कर्मी नहीं पहुंचे। इस बीच आग तेजी से फैलती गई। ग्रामीण आग के बीच जान बचाकर भागते दिखे।
आग की चपेट में आने से ईश्वरदीन, रामरूप, हरिलाल, रोंधे, शिवलाल, मीहीलाल, ब्रह्मादीन, साई प्रताप, छोटेलाल, कृष्णा, श्यामलाल, मुसई, बद्री, घेराऊ, राम उजागिर, झब्बू, गोपी, सतीश, नंदलाल, छविलाल, जगदेव, उग्रसेन, पन्नालाल, बद्री यादव, नन्हेंलाल, हर्षराज, कल्लू, राम कलप, रामफेर, छंगू, राम हरख, सीतापति, नीमर, संजय यादव, हरिशंकर सिंह, बृजपाल सिंह, बलबीर सिंह, रईस अली, बेचूलाल, गजेंद्र यादव, मनीष यादव, राजेंद्र यादव, राम तीरथ, साधू कोरी, नकछेद, हरखे समेत करीब 100 लोगों के मकान जल गए। सूचना के बाद एसडीएम बल्दीराय दिनेश गुप्ता, सीओ बल्दीराय भी घटना स्थल पर पहुंच गए।