सुल्तानपुर। श्रमजीवी अप एक्सप्रेस में सफर कर रहे विधायक के गनर पर जानलेवा हमला कर कारबाइन लूटने के मामले में जीआरपी के थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एसपी जीआरपी ने की। एसओ के रूप में अभी किसी की तैनाती नहीं हुई है।
गाजीपुर जनपद के मोहम्मदाबाद सीट से विधायक शोएब मन्नू अंसारी की सुरक्षा में तैनात गनर राकेश कुमार मंगलवार को वाराणसी से श्रमजीवी अप एक्सप्रेस से लखनऊ जा रहे थे। वे विकलांग कोच में सवार थे। सुल्तानपुर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने से पहले कोच में मौजूद एक बदमाश ने उन पर चाकू से हमला करते हुए कारबाइन व मोबाइल लूट लिया था। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने के बाद हमलावर फरार हो गया था। घायल सिपाही को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था। सूचना मिलने के बाद एडीजी जीआरपी पीयूष आनंद सुल्तानपुर स्टेशन पर पहुंचे। जीआरपी ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ आरोपी हमलावर का स्केच जारी कर उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
घटना के दो दिन बाद भी बदमाश का सुराग नहीं मिल सका था, न ही कारबाइन बरामद हुई थी। एसपी रेलवे पूजा यादव ने थानाध्यक्ष जीआरपी शमीम अली सिद्दीकी को दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया। सीओ जीआरपी संजीव सिन्हा ने बताया कि जल्द ही नए एसओ की तैनाती की जाएगी। एसपी सुल्तानपुर सोमेन बर्मा के साथ लगी नगर कोतवाली पुलिस भी रेलवे स्टेशन व आस-पास के क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को खोजबीन करती रही।