भदैंया (सुल्तानपुर)। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बरुई गांव में मंगलवार की देर शाम एक बर्थ डे पार्टी में पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले। इस घटना में दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए।
बरुई गांव निवासी सुनील कुमार गुप्ता के घर मंगलवार को उनके बच्चे के जन्मदिन पर पार्टी का आयोजन था। परिवार व आसपास के लोग केक काटकर जन्मदिन मना रहे थे। इसी बीच उनके घर के लोग बाहर पटाखा फोड़ने लगे। पटाखों की आवाज सुनकर पड़ोसी मुन्ना लाल और सुदामा के पशु भड़कने लगे। मुन्नालाल ने सुनील के घर वालों को पटाखा फोड़ने से मना किया। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहा-सुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर घर वालों के साथ जन्मदिन मनाने पहुंचे लोग छत पर चढ़ गए और पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में मुन्नालाल, सुदामा, सपना, गनी तथा अरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों ने कोतवाली देहात थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक गौरीशंकर पाल ने बताया कि बरुई गांव में दो पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चले हैं। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।