अखंडनगर (सुल्तानपुर)। राहुल नगर चौराहे पर तीन दिन पूर्व घर में फंदे से लटकते मिले व्यवसाई के शव की गुत्थी उलझ गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में व्यवसाई की मौत गला घोंटने से होना पाया गया है।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के राहुल नगर चौराहे पर अनिल कुमार वर्मा (40) का मकान है। घर के सामने ही उसका किराना स्टोर है। पिछले सोमवार की दोपहर अनिल दुकान से घर पहुंचा था, जबकि उसकी पत्नी दुकान पर मौजूद थी। काफी देर तक जब अनिल दुकान पर नहीं पहुंचा तो उसकी पत्नी घर पहुंची थी। उसने पति का शव फंदे से लटकता देखा था।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया था। पोस्टमॉर्टम करने वाले चिकित्सकों के अनुसार अनिल की गला घोंटकर हत्या की गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद शक की सुई कई लोगों के इर्दगिर्द घूम रही है। इस बाबत थानाध्यक्ष अखंडनगर बेंचू सिंह यादव ने बताया कि उन्हें अभी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने पर जांच का दायरा बढ़ा दिया जाएगा।