सुल्तानपुर। खाद की ओवररेटिंग करने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसेगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कृषि, उद्यान विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान किसान संगठनों की ओर से प्रकरण उठाने पर डीएम इंद्रजीत सिंह ने ओवररेटिंग करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
किसान संगठन के ओमप्रकाश सिंह, हृदयराम वर्मा, शारदा प्रसाद पांडेय सहित अन्य किसानों ने खाद की ओवररेटिंग सहित अन्य समस्याएं उठाई। डीएम ने बताया कि खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। सभी दुकानों पर खाद की दर का बोर्ड लगाना अनिवार्य बताया। उन्होंने कृषि, उद्यान और सिंचाई विभागों की योजनाओं की प्रगति को परखा।
मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम किसान सम्मान निधि और पीएम कुसुम सौर पंप सहित अन्य की समीक्षा की। पीएम कुसुम के 24 पंप खराब मिले। मुख्य विकास अधिकारी ने निरस्त किए गए फसल बीमा आवेदनों के पुनः परीक्षण के निर्देश दिए। उद्यान विभाग की समीक्षा में खाद्य प्रसंस्करण संयंत्र पर 10 लाख रुपये तक की सब्सिडी की जानकारी दी गई। आलू किसानों के लिए भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना पर भी चर्चा हुई। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की बैठक में नहरों की सिल्ट सफाई की प्रगति जांची गई। विभाग ने बताया कि नवंबर के दूसरे सप्ताह में कार्य शुरू करके 15 दिसंबर तक कार्य कराने का लक्ष्य है। डीएम ने राजकीय नलकूपों के जीर्णोद्धार, आधुनिकीकरण सहित अन्य कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।