अखंडनगर के रायपुर में पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी अनवर।-स्रोत पुलिस
अखंडनगर। क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ में गोहत्या का आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर सीएचसी अखंडनगर भेजा। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बीते चार दिनों में पुलिस ने मुठभेड़ के जरिये तीन गोहत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग चार बजे थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार वर्मा को सूचना मिली कि गोहत्या में शामिल कुछ आरोपी थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के आसपास किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। थाना प्रभारी ने पुलिस चौकी बेलवाई प्रभारी विनय कुमार सिंह के साथ टीम गठित कर इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। तभी बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी।
घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अनवर (30) निवासी पटैला थाना खुटहन, जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ गोहत्या समेत कई आपराधिक मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
11 मई को तिंदौली खेमपुर में मिले थे 24 मृत गोवंश
गत 11 मई को तिंदौली, खेमपुर के पास 24 मृत गोवंश के शव फेंके जाने का मामला सामने आया था। इस मामले में आरोपी जौनपुर जिले के गौसपुर निवासी मो. आसिफ को सोमवार देर रात पुलिस ने अखंडनगर के कनकपुर के पास से मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था। उसके दो साथी अखंडनगर के रायपुर निवासी एनुल व अकमल पुलिस को चकमा देकर भाग निकले थे। दूसरा मुठभेड़ जयसिंहपुर के हालापुर के पास मंगलवार रात हुआ, जिसमें जौनपुर जिले के खुटहन, ख्वाजापुर निवासी विनोद यादव के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था।