सुल्तानपुर। दिल्ली के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती, पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन व सह आरोपी कुमार विश्वास के खिलाफ सोमवार को स्पेशल मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत ने सभी आरोपियों के खिलाफ समन जारी करते हुए 27 अगस्त के लिए तलब किया है।
अमेठी जिले के स्थानीय कोतवाली के तत्कालीन थाना प्रभारी मो. हमीद ने पांच मई 2014 की घटना बताते हुए आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती, कुमार विश्वास, सत्येंद्र जैन समेत अन्य के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन समेत अन्य आरोपों में स्थानीय कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट पेश की है। इस का विचारण एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में चल रहा है। (संवाद)