सुल्तानपुर। रोड जाम कर प्रदर्शन करने के मामले में मंगलवार को आप सांसद संजय सिंह के नहीं आने से आरोपियों का बयान नहीं दर्ज हो पाया है। स्पेशल मजिस्ट्रेट एमपी-एमएलए योगेश कुमार यादव ने आप सांसद व सपा के पूर्व विधायक समेत सभी आरोपियों का बयान दर्ज करने के लिए उन्हें 12 दिसंबर को कोर्ट में तलब किया है।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक शहर में बिजली की अंधाधुंध कटौती के विरोध में 19 जून 2001 को सपा के पूर्व विधायक अनूप संडा व संजय सिंह (अब सांसद) ने समर्थकों के साथ शहर के बाधमंडी चौराहे के पास रोड जाम कर प्रदर्शन किया था। दरोगा अशोक कुमार सिंह की तहरीर पर अनूप संडा व संजय सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। इस मामले की सुनवाई कोर्ट में चल रही है।
कोर्ट ने साक्ष्य समाप्त होने के बाद पूर्व विधायक व आप सांसद समेत छह आरोपियों का बयान दर्ज करने के लिए छह दिसंबर की तिथि नियत कर उन्हें तलब किया था। मंगलवार को आप सांसद संजय सिंह कोर्ट में नहीं आए। उनके अधिवक्ता रुद्रप्रताप सिंह मदन ने प्रार्थनापत्र देकर मौका देने की मांग की। इसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया है।