सुल्तानपुर। खेत के किनारे लगाए गए झटका मशीन की चपेट में आने से चौकीदार साधूराम की गैरइरादतन हत्या के आरोप से जुड़े मामले में आरोपी राजेश सिंह को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। सीजेएम नवनीत सिंह की अदालत ने आरोपी की रिमांड स्वीकार करते हुए उसे 23 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है। सीजेएम कोर्ट ने आरोपी की तरफ से पेश की गई जमानत अर्जी भी खारिज कर दी है।
अमेठी जिले के रामगंज थाने के गाजीपुर गांव के रहने वाले राहुल कुमार ने मंगलवार को स्थानीय थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनके मुताबिक उनके बाबा साधूराम रामगंज थाने में चौकीदार पद पर कार्यरत रहे। आरोप के मुताबिक मंगलवार को उनके बाबा बकरियां चराने गए थे। पड़ोस के गांव घोरहा में आरोपी राजेश कुमार सिंह के खेत के किनारे लगे झटका मशीन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी। राहुल की तहरीर पर आरोपी राजेश सिंह निवासी घोरहा के खिलाफ गैरइरादतन हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई थी।