सुल्तानपुर। जानलेवा हमले के मामले में 25 हजार के इनामी आरोपी अंकित पांडेय ने सोमवार को पुलिस को चकमा देकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नवनीत सिंह की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने अंकित की अर्जी पर उसे तीन अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है।
कादीपुर कोतवाली के राईबीगो गांव निवासी वादी रामसूरत पांडेय ने गत 18 अगस्त को स्थानीय कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनके आरोप के मुताबिक घटना के दिन वह सिंचाई करने जा रहे थे। तभी गांव के आरोपी कामता प्रसाद पांडेय, उनके पुत्र अंकित पांडेय, सहआरोपी मनोज व आजमगढ़ जिले के रहने वाले नित्कर्ष सिंह बाइक से पहुंचे और असलहे से फायर किया था। आरोपियों ने तलवार से भी हमला किया था। वादी के मुताबिक घटना के दौरान पहुंचे उनके भाई सुनील पांडेय पर भी आरोपियों ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। (संवाद)