अलीगंज (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र बंधुआकलां के ऊंचगांव मोड़ के पास बुधवार दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घायल पति को मेडिकल कॉलेज से ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
अमेठी जिले के मुंशीगंज थाना क्षेत्र के टंड़वा गांव निवासी राधेश्याम श्रीवास्तव (48) बुधवार दोपहर अपनी पत्नी सरला (40) के साथ बाइक से कस्थुनी गांंव से घर की ओर जा रहे थे। रास्ते में बंधुआकला थाना क्षेत्र के ऊंचगांव मोड़ के पास हाईवे पर उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
वाहन की टक्कर से राधेश्याम व उनकी पत्नी गंंभीर रूप से घायल हो गईं। सरला की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी होने पर बड़़ी संंख्या में लोगों की भीड़ घटनास्थल पर इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों ने दुर्घटना की जानकारी बंधुआकला थाने की पुलिस को दी।
ग्रामीणों व पुलिस की मदद से घायल राधेश्याम को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। सरला की दो संतान हैं। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा है। बंंधुआकला थाने के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।