सुल्तानपुर। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर में 17.63 करोड़ रुपये से बनने वाले अतिथि गृह के भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पालिका के चेयरमैन और सभासदों को नहीं बुलाया। जिससे सभासदों में आक्रोश है। शुक्रवार को सभासदों ने पालिका परिसर में बैठक की और बोर्ड बैठक बुलाने की मांग की।
सभासद संजय कप्तान ने कहा कि नगर पालिका परिषद के बोर्ड की बैठक में 23 सितंबर 2024 को हुए प्रस्ताव के अनुसार नगर पालिका की भूमि लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-तीन को दी गई थी। लोक निर्माण विभाग ने बृहस्पतिवार को नगर पालिका से मिली जमीन पर अतिथि गृह निर्माण के लिए भूमि पूजन व शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही, लेकिन नगर पालिका के अध्यक्ष व सभासदों को कोई सूचना नहीं दी गई, यह आपत्तिजनक है। इस मामले पर तत्काल बोर्ड की बैठक होनी चाहिए। सभासदों ने चेयरमैन को तत्काल बोर्ड की बैठक बुलाने के लिए पत्र भी लिखा। बैठक में दिनेश चौरसिया, अरुण तिवारी, गिरीश कुमार मिश्र, विजय जायसवाल, मीना जायसवाल, अखिलेश मिश्र शामिल रहे।