अमेठी सिटी। गौरीगंज के महुआबोझी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का विलय कंपोजिट विद्यालय बसायकपुर में किया गया था। अभिभावकों के प्रयास और दूरी अधिक होने के कारण बीएसए ने पेयरिंग के आदेश को निरस्त करते हुए बीईओ को पूर्व की भांति प्राथमिक विद्यालय के संचालन का आदेश दिया है। शनिवार को विद्यालय परिसर की सफाई कराई गई। ग्रामीणों व अभिभावकों ने अमर उजाला का आभार जताया है।
शासन की ओर से छात्र संख्या कम होने पर परिषदीय विद्यालयों का नजदीक स्थित कंपोजिट विद्यालयों में विलय किया गया था। इसी के तहत गौरीगंज के महुआबोझी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की पेयरिंग कंपोजिट विद्यालय बसायकपुर में की गई थी। स्थानीय ग्रामीण व अभिभावक अशोक कुमार मिश्र, जयकरन, वीरेंद्र कुमार, अनिल यादव, मनोज कुमार, तीर्थराज शुक्ल, रंजना मिश्रा, कुसुमलता, रामविलास आदि ने डीएम सहित अन्य उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया था, जिसमें महुआबोझी विद्यालय से बसायकपुर की दूरी अधिक बताते हुए खोलने की मांग उठाई थी। तीन माह से विद्यालय बंद होने से नामांकित बच्चों के भविष्य और बाल शिक्षा अधिकार का हनन हो रहा है।
अमर उजाला ने ग्रामीण व अभिभावकों की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने राजस्व विभाग से विद्यालय की दूरी सहित अन्य बिंदुओं की जांच कराई। जांच में विद्यालय की दूरी करीब 1.6 किलोमीटर निकली। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद बीएसए ने विलय के आदेश को निरस्त करते हुए बीईओ को विद्यालय संचालन का आदेश दिया है। शनिवार को शिक्षकों व ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विद्यालय खुलने पर खुशी जताई। बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि विद्यालय की पेयरिंग निरस्त करते हुए संचालन का आदेश शुक्रवार को दिया गया है।