सुल्तानपुर। मंडी समिति अमहट में भ्रष्टाचार के शिकायत की जांच शुरू हो गई है। इसके लिए साक्ष्य मांगा गया है। शुक्रवार को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने साक्ष्य एकत्र करने के लिए मंडी में व्यापारियों के साथ बैठक की।
व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी ने कहा कि मंडी में भ्रष्टाचार की शिकायत उन्होंने निदेशक मंडी परिषद इंद्र विक्रम सिंह से की थी। निदेशक ने डिप्टी डायरेक्टर मंडी समिति को जांच के निर्देश दिए थे। उपजिलाधिकारी ने प्रदेश महामंत्री से साक्ष्य मांगे हैं। साक्ष्य एकत्र करने के लिए फल एवं सब्जी व्यापार मंडल के अध्यक्ष मोहम्मद शमीम लइया की अध्यक्षता में बैठक की गई।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए। प्रथम दृष्टया संविदा बाबू मुकेश कुमार को कार्य मुक्त कर दिया गया है। इसके अलावा अभी भी मंडी समिति के इंस्पेक्टर सुभाष पांडेय और भीम प्रकाश अपने पदों पर बने हुए हैं। इससे जांच प्रभावित हो रही है। जांच के संदर्भ में सभी सबूतों को जांच अधिकारी के साथ निदेशक मंडी परिषद को भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस मौके पर मेराज, नदीम व कई व्यापारी मौजूद रहे।