जिले में विभिन्न बूथों पर छिटपुट नोकझोंक के बीच तीन नगर पंचायत एवं नगर पालिका का चुनाव संपन्न हो गया। चुनाव में 60,307 मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। शाम मतदान समाप्ति के बाद अध्यक्ष व सभासद के 391 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद हो गया। नगर पालिका क्षेत्र के निरालानगर में दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मतदान को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। जिला उद्योग केंद्र बूथ पर सपा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी से नोकझोंक हो गई।
कुछ अन्य बूथों पर तकरार को बचाने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने मतदान में गड़बड़ी फैलाने की आशंका पर दर्जन भर लोगों को हिरासत में लिया लेकिन शाम को उन्हें छोड़ दिया गया। मतदान समाप्ति के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।
रविवार की सुबह साढ़े सात बजे कादीपुर, दोस्तपुर, कोइरीपुर व नगर पालिका परिषद में वोटिंग शुरू हुई। शहर के कुछ बूथों पर अव्यवस्था की वजह से 10 मिनट विलंब से मतदान शुरू हो सका। मतदान के दौरान शहर के निरालानगर में दो प्रत्याशियों के समर्थकों में नोकझोंक हो गई। मारपीट की नौबत आते देख सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस को हस्तक्षेप कर मामला शांत कराना पड़ा। मतदान के दौरान बोगस वोटिंग की शिकायतें आती रहीं।
गभडिय़ा, जिला उद्योग केंद्र, खैराबाद, आदर्शनगर, डिहवा के कुछ बूथों पर मतदाताओं के पहुंचने के पहले ही उनका वोट पड़ चुका था। मतदाताओं ने इसकी शिकायत पीठासीन अधिकारियों से की। शहर के कुछ मतदान केंद्रों पर भीड़ को पुलिस ने दौड़ा कर उन्हें सीमा से बाहर किया। मतदान केंद्रों पर अराजकता फैलाने की आशंका पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। नगर पालिका क्षेत्र के तीन बूथों पर शाम पांच बजे के बाद भी मतदान चलता रहा। जिला उद्योग केंद्र, गभडिय़ा एवं पशु चिकित्सालय बूथ पर पांच बजे तक लगी कतार का मत डलवाने के बाद वोटिंग बंद हुई। नगरीय निकाय के चुनाव में रविवार को मतपेटियों में कैद जनता का फैसला एक दिसंबर को सुनाया जाएगा।