सुल्तानपुर। जिले में कोरोना महामारी की दस्तक के बीच वैक्सीन की किल्लत है। इसके लिए लोग जिला अस्पताल पहुंचते हैं लेकिन निराश होकर लौटना पड़ता है।
कोरोना से बचाव के लिए अब तक 22,04,557 लोगों को पहली डोज लगाई गई है। बूस्टर डोज मात्र 8,17,380 लोगों को ही लग पाई है। नौ फरवरी से ही बूस्टर डोज समाप्त है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एएन राय ने बताया कि लखनऊ से बूस्टर डोज की मांग की गई है। उम्मीद है कि जल्द ही मिल जाएगी।
सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी ने बताया कि क्लास रूम में बच्चों के बीच कम से कम दो गज की दूरी जरूर हो। भीड़ वाले स्थान पर जाने से बचें। यदि जाना ही है तो मास्क जरूर लगाएं। पहले की तरह हाथ को सेनिटाइज करते रहें। कोरोना का कोई भी लक्षण महसूस होने पर तत्काल जांच कराएं।
जिले में शुक्रवार को 78 लोगों की एंटीजन जांच की गई जबकि 15 लोगों की आरटीपीसीआर जांच हुई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि कोरोना से संक्रमित लोगों के संपर्क में आए 28 लोगों की जांच रिपोर्ट अभी नहीं मिली है।