सुल्तानपुर। जिले में दूसरे प्रदेशों से आए 10,637 लोगों में से 735 में कोरोना जैसे लक्षण पाए गए हैं। इसमें जांच के दौरान 238 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। रिपोर्ट आने के बाद निगरानी समितियों ने मरीजों को दवा किट उपलब्ध कराते हुए संक्रमितों को उनके घर में ही आइसोलेट करा दिया है। समिति के सदस्य लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए ग्राम पंचायतों में लगाई गईं निगरानी समितियों ने इसकी रिपोर्ट प्रशासन व पंचायरात विभाग को दी है। समितियों की रिपोर्ट के मुताबिक जिले की 979 ग्राम पंचायतों में सिर्फ 182 ग्राम पंचायतों में संक्रमित पाए गए हैं। रिपोर्ट में 797 ग्राम पंचायतों में कोई संक्रमित नहीं मिलने का दावा किया गया है। डीपीआरओ आरके भारती ने बताया कि 979 ग्राम पंचायतों में 979 निगरानी समिति लगाई गई है। निगरानी समिति की रोजाना रिपोर्ट ब्लॉकों के माध्यम से विकास भवन के वार रूम में आ रही है। निगरानी समितियों की रिपोर्ट को संकलित करने के लिए वार रूम में 20 कर्मचारी लगाए गए हैं। संकलित रिपोर्ट से जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी व स्वास्थ्य विभाग को अवगत कराया जा रहा है। निगरानी समिति के सदस्यों को रोजाना घर-घर भ्रमण कर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने व उसकी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। वार रूम में बैठे कर्मचारी लगातार निगरानी समितियों से संपर्क बनाए हैं।