सुल्तानपुर। कोरोना संक्रमण से जिले में दसवीं मौत हो गई। तीन दिन पहले संक्रमित पाए गए जिला पंचायत लखनऊ के वित्त परामर्शदाता की अयोध्या में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी कोरोना संक्रमित शिक्षिका पत्नी का इलाज अभी चल रहा है। इसके साथ ही जिले में मंगलवार को चार और पॉजिटिव पाए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती करा दिया है।
जिला पंचायत लखनऊ में वित्त परामर्शदाता के पद पर कार्यरत विवेक सिंह 19 जुलाई को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। उनके साथ उनकी शिक्षिका पत्नी में भी संक्रमण की पुष्टि हुई थी। रिपोर्ट आने के बाद उन्हें अयोध्या के मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भेजा गया था। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मंगलवार को विवेक की मौत हो गई। मूल रूप से अयोध्या जिले के निवासी विवेक सिंह जिले की सदर तहसील में बने आवासीय भवन में अपनी पत्नी के साथ रह रहे थे। यहीं इनके सैंपल की जांच कराई गई थी।
लखनऊ ट्रांसफर होने के पहले वे जिले में ही सदर तहसील में नायब तहसीलदार, फिर बाद में स्वास्थ्य विभाग व बेसिक शिक्षा विभाग में वित्त लेखाधिकारी रहे। करीब पांच साल सेवा के बाद इनका ट्रांसफर लखनऊ हो गया था। मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मचा है। उनके परिवारीजन संतोष सिंह ने मौत की पुष्टि की है।
डीएम सी. इंदुमती के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट जारी की है। सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने बताया कि शहर के रूहट्ठागली निवासी चार वर्षीय एक बच्ची संक्रमित पिता के संपर्क में आने से पॉजिटिव आई है। संक्रमित परिवारीजन के संपर्क में आने पर चौक घंटाघर की एक युवती भी पॉजिटिव पाई गई है। शास्त्रीनगर निवासी बेसिक शिक्षा के एक शिक्षक में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। धनपतगंज विकासखंड के भीखी पांडेय का पुरवा गांव निवासी एक बुजुर्ग भी संक्रमित पाया गया है।
सीएमओ ने बताया कि लखनऊ से आई 294 सैंपलों की रिपोर्ट में 290 निगेटिव व चार पॉजिटिव पाए गए हैं। चारों मरीजों को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही कोविड केयर सेंटर में इलाज करा रहे 12 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि चार और मरीज मिलने से संक्रमितों की संख्या 413 हो गई है।