सुल्तानपुर। दूबेपुर विकास खंड क्षेत्र के हसनपुर गांव में स्थित हनुमानगढ़ी पर लगने वाले तीन दिवसीय मेले का समापन बृहस्पतिवार को हवन-पूजन के साथ किया गया। कोरोना महामारी की वजह से यहां की वर्षों पुरानी रामलीला की परंपरा पर ग्रहण लग गया।
प्रत्येक वर्ष कार्तिक माह की कृष्ण पक्ष पंचमी को हसनपुर गांव के हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता था। इस बार बृहस्पतिवार को आयोजित होने वाले मेले व रामलीला मंचन कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। समिति के पदाधिकारियों ने मंदिर परिसर के सामने सामूहिक रूप से हवन-पूजन कर मेले का समापन कर दिया।
पं. बालमुकुंद मिश्र के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच समिति के पदाधिकारियों ने हवन कुंड में आहुति डाली। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामप्यारे वर्मा ने बताया कि शासन की ओर से जारी कोरोना गाइड लाइन के मुताबिक तीन दिवसीय मेला व रामलीला का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।
अगले साल तक कोविड-19 संक्रमण समाप्त हो गया तो बड़े पैमाने पर मेला व रामलीला का मंचन कराया जाएगा। इस मौके पर संगम लाल गुप्ता, विजय कुमार पांडेय, ओमप्रकाश पांडेय, चंद्रिका प्रसाद यादव, धर्मराज यादव, राम प्रताप यादव, दिनेश कुमार तिवारी समेत कई लोग मौजूद रहे।