सुल्तानपुर। बकाया बिजली बिल जमा करने पर 3.14 लाख उपभोक्ता छूट का फायदा पा सकेंगे। इन पर 287.39 करोड़ रुपये का बकाया चला आ रहा है। इसके साथ ही बिजली चोरी करते पकड़े गए उपभोक्ता भी इसका लाभ पा सकेंगे। पावर कॉर्पोरेशन ने तीन चरणों में एकमुश्त समाधान योजना लागू कर दी है। पहले चरण में पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं को सरचार्ज में शत-प्रतिशत छूट मिल सकेगी।
दिनोंदिन बढ़ रही बिजली बिल की बकाया राशि जमा कराने के लिए पावर कॉर्पोरेशन ने एकमुश्त समाधान योजना लागू कर दी है। बुधवार से योजना शुरू हो गई। योजना लागू करते हुए कॉर्पोरेशन ने वितरण खंडवार बकायेदारों की संख्या देखते हुए लक्ष्य का निर्धारण कर दिया है।
साथ ही लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश भी दिया है लेकिन तीन लाख से अधिक की संख्या व करीब 287 करोड़ रुपये बकाया को देखते हुए कॉर्पोरेशन के अधिकारियों का हाथ-पांव फूल गया है। पहले दिन योजना के तहत करीब 14 लोगों ने ही पंजीकरण कराया है।
एसई ने अधिशाषी अभियंताओं, सहायक अभियंताओं व अवर अभियंताओं को लक्ष्य देते हुए उसे पूरा करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश भी दिया है।
चोरी में पकड़े गए 4,429 उपभोक्ता भी पा सकेंगे छूट
चालू वर्ष में बिजली चोरी करते 1,900 उपभोक्ता पकड़े गए हैं। पिछले वर्ष 2,529 उपभोक्ता पकड़े गए थे। इन पर तीन करोड़ रुपये से अधिक का शमन शुल्क व बिल बकाया है। शमन शुल्क लगाए जाने के बाद भी ज्यादातर उपभोक्ताओं की ओर से धनराशि नहीं जमा की जा रही है। इसे देखते हुए पावर कॉर्पोरेशन ने इन उपभोक्ताओं को भी एकमुश्त समाधान योजना के दायरे में ला दिया है। शमन शुल्क के साथ बकाया बिल जमा करने पर ऐसे 4,429 उपभोक्ताओं को 65 फीसदी की छूट मिल सकेगी। साथ ही उन्हें दंड के मामले में भी राहत मिल सकेगी।
30 नवंबर तक मिल सकेगी 100 फीसदी छूुट
एकमुश्त समाधान योजना तीन चरण में चलाई जा रही है। पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ता किस्तों में बकाये का भुगतान कर सकेंगे। साथ ही 30 नवंबर तक पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं को 100 फीसदी सरचार्ज में छूट भी मिल सकेगी। दूसरे व तीसरे चरण में छूट की राशि घट जाएगी।
-राकेश प्रसाद, अधीक्षण अभियंता