सुल्तानपुर। पुलिस लाइन के एक कमरे में शनिवार दोपहर बाद सिपाही के पुत्र का शव फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि पिता की डांट से नाराज बेटे ने खुदकुशी कर लिया। कोतवाली पुलिस ने पंचायतनामा भरवाकर शव को परिवार के सुपुर्द कर दिया।
2006 बैच के सिपाही अनुराग सिंह निवासी बछरावां रायबरेली वर्तमान में सुल्तानपुर में सर्विलांस सेल में हैं। वह परिवार के साथ पुलिस लाइन के एक क्वार्टर में रहते हैं। शनिवार सुबह उन्होंने किसी बात पर अपने पुत्र अभय सिंह (18) को डांट दिया। अभय केएनआईसीई विवेक नगर में कक्षा 12 का छात्र था। पिता की डांट के बाद वह स्कूल गया और दोपहर तीन बजे लौटकर आया। बताया जा रहा है कि शाम करीब चार बजे जब उसकी मां किसी सामान के लिए घर से बाहर गई तो उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
मां जब घर लौटी तो कमरा भीतर से बंद मिला। उन्होंने पति को बुलाया। अनुराग सिंह ने दरवाजा तोड़ा तो अभय का शव कमरे की छत में लगे फंदे से लटका देखा । पिता अनुराग के मना करने पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। सीओ नगर प्रशांत सिंह ने बताया कि घर वाले शव लेकर गांव चले गए।