सुल्तानपुर। जिले में घरेलू गैस सिलिंडर की बढ़ती मांग के बीच उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए पांच किग्रा. के छोटू गैस सिलिंडर की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। जिले में 210 छोटू सिलिंडर की खेप पहुंची है, जिन्हें अब विभिन्न गैस एजेंसियों के माध्यम से बेचा जा रहा है।
जिले में संचालित 40 से अधिक गैस एजेंसियों को पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से छोटू सिलिंडर की बिक्री के निर्देश दिए गए हैं। एजेंसी संचालकों के अनुसार हाल में आए लोड के साथ इन छोटे सिलिंडरों की आपूर्ति शुरू की गई है। इस सिलिंडर को खरीदने के लिए एड्रेस प्रूफ की आवश्यकता नहीं होगी। उपभोक्ता आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे किसी भी वैध पहचान पत्र के आधार पर इसे आसानी से खरीद सकते हैं। एक छोटू सिलिंडर की कीमत 1,525 रुपये निर्धारित की गई है, जबकि खाली होने पर इसकी रिफिलिंग के लिए 570 रुपये चुकाने होंगे। यह सुविधा विशेष रूप से छात्रों, हॉस्टल में रहने वाले युवाओं, दूसरे शहरों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों और किराये के मकानों में रहने वाले परिवारों के लिए लाभकारी साबित होगी।
जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश कुमार मौर्य ने बताया कि फिलहाल 210 छोटू सिलिंडर जिले में उपलब्ध कराए गए हैं। उपभोक्ता अपने नजदीकी गैस एजेंसी या अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर इन्हें सीधे खरीद सकते हैं।