सुल्तानपुर। कांग्रेस के पदाधिकारियों ने रविवार को बाजारों में मोहब्बत की दुकान के स्टीकर लगाए। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर राजेश तिवारी की अगुवाई में प्रतापगंज, हनुमानगंज समेत अन्य बाजारों में स्टीकर लगाकर लोगों ने यूपी सरकार के फैसले का विरोध जताया।
अपने संबोधन में राजेश तिवारी ने कहा कि ये देश साझा संस्कृति का देश है, यहां धार्मिक विद्वेष का कोई स्थान नहीं है। यूपी सरकार का दुकानों पर जाति का स्टीकर लगाने का आदेश आपसी सद्भाव को कमजोर करने वाला है। जिला सचिव दीपक सोनी ने कहा कि माता वैष्णो देवी और बाबा अमरनाथ में ज़्यादातर प्रबंधकर्ता मुसलमान ही हैं, ज्यादातर फूलों की दुकान इन्ही की हैं और भगवान न जाने कितने सालों से इसे हृदय से स्वीकार कर रहे हैं।
रामलीला दुर्गा पूजा आदि धार्मिक आयोजनों में मुस्लिम समुदाय की बढ़-चढ़ कर भागीदारी रहती है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि मैं नफरत की बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने निकला हूं। इस मौके पर उमेश यादव, जनेश्वर उपाध्याय, महेश यादव, रणजीत शुक्ला आदि मौजूद रहे।