सुल्तानपुर। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार देर शाम शहर पहुंच गई है। यात्रा में शामिल दो सौ कांग्रेसियों को शहर के एक निजी स्कूल में ठहराया गया है। बृहस्पतिवार को भारत जोड़ो यात्रा शहर में भ्रमण करने के बाद जौनपुर के लिए रवाना हो जाएगी।
कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में चल रही भारत जोड़ो यात्रा बुधवार को देर शाम शहर पहुंच गई। यहां कांग्रेसियों ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में शामिल सभी दो सौ लोगों को शहर के एक निजी विद्यालय में ठहराया गया है। बृहस्पतिवार सुबह अमहट चौराहे से शहर के विभिन्न मार्गों पर भारत जोड़ो यात्रा निकाली जाएगी, जो देर शाम जौनपुर के लिए रवाना हो जाएगी।
जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने बताया कि अमहट चौराहे से शुरू हो रही यात्रा शहर के सब्जी मंडी पहुंचेगी, जहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद गल्ला मंडी, डाकखाना चौराहा होते हुए यात्रा आगे बढ़ेगी जो चौक ठठेरी बाजार, दरियापुर, बाधमंडी, शाहगंज चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचेगी।
कलेक्ट्रेट में डॉ. भीमराव अंबेडकर व सरदार भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद बस अड्डा, गोलाघाट तिराहा, दीवानी चौराहा होते हुए राजीव गांधी पार्क में राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके यात्रा संपन्न होगी। यात्रा में पार्टी के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।