बल्दीराय (सुल्तानपुर)। अपने संसदीय क्षेत्र में जनसंवाद के लिए निकलीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बल्दीराय ब्लाॅक के कई गांवों में घर-घर संपर्क किया। उन्होंने लोगों का हालचाल और परेशानियां जानीं, मौके पर निदान भी बताए। हलियापुर बाजार पहुंचीं तो वहां एक बुजुर्ग नजर आए जिन्हें देखकर वे बरबस बोल पड़ीं- ''बधाई हो रामप्रसाद अभी तुम जिंदा हो!'' दरअसल गौहनिया निवासी यह बुजुर्ग कागजों में मृत दिखा दिए जाने पर खुद को जिंदा साबित करने की कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। सांसद ने एसडीएम से बुजुर्ग के मामले का शीघ्र निराकरण कराने के लिए कहा।
दौरे के दूसरे दिन अमेठी सांसद ने भेल गेस्ट हाउस के बाहर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यहां उन्होंने दुखीराम, राधिका देवी, मालती व परमानन्द शुक्ला आदि की शिकायत भी सुनी। इन्होंने बताया कि ठेकेदार के अंडर में काम करने के बावजूद उन्हें पीएफ नहीं मिल रहा है। सांसद ने वहां मौजूद भेल अधिकारियों को मजदूरों को उनके हक की कमाई दिलाने का निर्देश दिया।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ने कुवांसी, उमरा, कांपा, तिरहुत, भवानी गढ़, डीह, मिझूटी, फत्तेपुर, जरईकला एवं हलियापुर गांव में नागरिकों से मिलकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। सबसे पहले कुवासी गांव में लगभग 12 बजे पहुंचीं। उन्होंने बुजुर्ग जगजीवन से हालचाल पूछा। उनको कम दिखाई देने की बात पर आंख का इलाज व चश्मा लगवाने का वादा किया।
अशोक सिंह पैर से दिव्यांग हैं, उन्होंने कृत्रिम पैर की मांग की। उनको एक सप्ताह के अंदर पैर लगवाने का आश्वासन मिला। गांव की श्यामा देवी ने कहा कि घर के लोग पति से उनकी जमीन लिखवा ले रहे हैं। इस पर एसडीएम महेंद्र श्रीवास्तव को मामले का निराकरण कराने का निर्देश दिया।
अवधेश सिंह ने गांव में रास्ता व जलनिकासी संबंधी दिक्कतों की बात कही तो सांसद पैदल ही गांव की गलियों में निकल पड़ीं। साथ में मौजूद जिलाधिकारी से गांव की सफाई, रास्ता व जलभराव की समस्या दूर कराने के लिए कहा।
गांव के भाजपा कार्यकर्ता रामजीत सिंह से महिलाओं की राशनकार्ड व आवास आदि समस्याएं जुटाकर भेजने के लिए कहा। उमरा गांव में पिपरी निवासी आशीष सिंह ने छुट्टा मवेशी की समस्या उठाई। फूलमती ने अपनी जमीन पर कब्जे की शिकायत की। सांसद ने अफसरों से तत्काल ये समस्याएं दूर कराने को कहा। कांपा ग्राम में पंचायत भवन पर लोगों की समस्या सुनी। वहां से तिरहुत बाजार पहुंचीं। हनुमान मंदिर पर दर्शन के बाद पीपल के नीचे चबूतरे पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनीं।
सबके साथ भोजन किया
मेघमऊ प्रीतम शाह बाबा धाम पर तालाब को अमृत सरोवर और एक मिनी स्टेडियम बनवाने के निर्देश सीडीओ को दिए। भवानीगढ़ में साध्वी मंगला देवी के आश्रम में तोड़फोड़ व कब्जे की शिकायत पर केंद्रीय मंत्री ने राजस्व पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने भोजन की व्यवस्था की थी तो यहीं पर उन्होंने सबके साथ भोजन किया।
डीह गांव में प्रधान गोकरन शुक्ला ने पांडे बाबा स्थान के लिए सड़क की मांग की। मिझूटी में महादेव मंदिर पहुंचकर दर्शन किया और लोगों की मांग पर 52 बीघे में स्थित तालाब को अमृत सरोवर बनाने के लिए सीडीओ से कहा।
फत्तेपुर व जरई कला में जनसुनवाई कर लोगों की समस्या सुनी। जरई में अनिल सिंह की मांग पर गोशाला बनवाने के निर्देश बीडीओ को दिए। इसके बाद भाजपा नेता हिंदेश सिंह के घर गईं। इस दौरान विधायक सुरेश पासी, अवधेश पांडे, राय भानु प्रताप सिंह, मुकेश सिंह, अमेठी भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी व सांसद प्रतिनिधि विजय गुप्ता समेत अनेक भाजपा नेता मौजूद रहे।
दीदी के हाथों मिठाई पाकर झूम उठे बच्चे
जरई कलां गांव में सांसद ने बच्चों को मिठाई खिलाई तो बच्चे खुशी से झूम उठे। बच्चों ने कहा कि दीदी सबका बहुत ख्याल रखती हैं।
मिठाई और चूड़ी खरीदी
जनसंवाद से लौटते समय सांसद ने जगदीशपुर कस्बे में खरीदारी भी की। उन्होंने यहां पर एक दुकान से मिठाई ली और चूड़ियां भी खरीदीं।