सुल्तानपुर। गर्मी का अवकाश बीतने के बाद अब हिल स्टेशनों से सुल्तानपुर आने वाली ट्रेनों के स्लीपर कोच में सीटें फुल हो चुकी हैं। बेगमपुरा डाउन, उपासना, कुंभ व हिमगिरि समेत पांच प्रमुख ट्रेनों के स्लीपर कोच में वेटिंग 100 के ऊपर चल रही है। आरक्षण केंद्र पर तत्काल में भी कन्फर्म सीट नहीं मिल पा रही है। ऐसे में लोग कन्फर्म सीट के लिए परेशान हो रहे हैैं।
पहली जुलाई से स्कूल खुल चुके हैं। गर्मी की छुट्टियां हिल स्टेशनों पर बिताने के बाद लोगों ने अब घर वापसी शुरू कर दी है। इस वजह से हिल स्टेशनों से सुल्तानपुर आने वाली प्रमुख ट्रेनों में भीड़ भी बढ़ गई है। इन ट्रेनों के स्लीपर कोचों की सीटें फुल हो चुकी हैं।
जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा डाउन एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में शनिवार को पूल्ड कोटा की 122, नौ जुलाई को 100, 10 जुलाई को 93 व 11 जुलाई को 72 वेटिंग चल रही है। देहरादून-हावड़ा उपासना डाउन एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में आठ जुलाई को 161 वेटिंग, 12 जुलाई को 126 व 15 जुलाई को 87 वेटिंंग चल रही है।
जम्मूतवी-हावड़ा हिमगिरि डाउन एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में नौ जुलाई को 243 वेटिंग, 10 जुलाई को 202 व 13 जुलाई को 106 वेटिंग चल रही है। देहरादून-हावड़ा कुंभ डाउन एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में नौ जुलाई को 137 वेटिंग, 10 जुलाई को 145 व 11 जुलाई को 97 वेटिंग चल रही है।
कटड़ा-गाजीपुर सिटी डाउन एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में 13 जुलाई को 150 वेटिंग चल रही है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों में रूट की डाउन ट्रेनों के स्लीपर कोच की सीटें फुल हो चुकी हैं। इनमें लंबी वेटिंग चल रही है। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने प्रमुख ट्रेनों के स्लीपर कोच में सीटें फुल होने की पुष्टि की है।