बल्दीराय (सुल्तानपुर)। तहसील क्षेत्र बल्दीराय स्थित एक गांव में जलनिकासी की समस्या सात वर्षों से बनी हुई है। इस समस्या के निस्तारण के लिए पीड़ित ने तहसील से लेकर शासन तक 18 बार शिकायत की लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हो सका। शनिवार को मामला फिर उठने पर एसडीएम ने रिपोर्ट मांगी है।
हलियापुर थाना क्षेत्र के फत्तेपुर निवासी सुग्रीव विश्वकर्मा के घर के सामने से टोले भर का पानी बहता था। गंवई रंजिश में लोगों ने वर्ष 2017 से नाली बंद कर दी। पीड़ित ने तब से पानी की निकासी के लिए तहसील, जिला व शासन तक शिकायत की लेकिन उसकी फरियाद को अनसुना कर दिया गया। इस बीच उसने 18 बार शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
बारिश के मौसम को देखते हुए शनिवार को हलियापुर थाना पर समाधान दिवस में सुग्रीव ने एसडीएम बल्दीराय महेंद्र कुमार श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी रमेश के सामने अपनी व्यथा सुनाई। एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक रामसमुझ को मौके पर जाकर स्थलीय आख्या देने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने पर जलनिकासी के लिए निर्णय लिया जाएगा। जलभराव की समस्या हर हाल में दूर कराई जाएगी। सुनवाई के दौरान हलियापुर में कुल आठ शिकायतें आईं। इनमें से महज एक का ही निस्तारण नहीं हो सका। इस मौके पर तहसीलदार घनश्याम भारतीय व थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह समेत अन्य मौजूद रहेे।