दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। नगर पंचायत दोस्तपुर के बभनैया पूरब वार्ड में जल्द ही पार्क व कम्युनिटी हॉल बन जाएगा। करीब 1.88 करोड़ रुपये की लागत से डेढ़ बीघे भूखंड पर निर्माण कार्य प्रगति पर है। अभी भूमि समतलीकरण का काम चल रहा है। पार्क व कम्यूनिटी हॉल बन जाने से नगर पंचायत के लोगों को विभिन्न आयोजनों में सहूलियत मिलेगी।
दोस्तपुर नगर पंचायत की ओर से बभनैया पूरब वार्ड में नगर पंचायत की ओर से पार्क व कम्यूनिटी हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। यह काम आचार संहिता लगने के पहले ही शुरू करवा दिया गया था। बभनैया पूरब वार्ड के करीब डेढ़ बीघे खाली पड़े भूखंड को इसके लिए चिह्नित किया गया था। पार्क में भूमि के समतलीकरण के बाद क्यारियों व बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा। इसमें फूलों के पौधे व अन्य प्रजातियों के छायादार पौधे भी रोपे जाएंगे।
पार्क में बच्चों के खेलने के लिए भी झूलों की व्यवस्था किए जाने का प्रस्ताव है। पार्क में आने वाले लोगों के लिए प्रसाधन की भी व्यवस्था होगी। इसमें करीब 48.50 लाख रुपये का खर्च आएगा। वहीं, पार्क के बगल स्थित जमीन पर सामुदायिक हॉल का निर्माण कराया जाएगा। सामुदायिक हॉल का निर्माण होने से नगर पंचायत के लोगों को वैवाहिक कार्यक्रम समेत अन्य आयोजनों में सहूलियत मिलेगी। इसके निर्माण में तकरीबन 1.40 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। दोनों के निर्माण का प्रस्ताव पहले ही स्वीकृत हो गया था।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से स्वीकृत पार्क व कम्युनिटी हॉल का निर्माण कार्य बभनैया पूरब वार्ड में शुरू करवा दिया गया है। पार्क व कम्युनिटी हॉल के निर्माण को पूरा करने के लिए छह माह की अवधि नियत की गई है। इस अवधि में कार्यदायी संस्था की ओर से निर्माण कार्य पूरा करवा दिया जाएगा। निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग नगर पंचायत की ओर से की जा रही है।