सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने शनिवार को विकासखंड लंभुआ के परसीपुर स्थित गोआश्रय केंद्र का निरीक्षण किया। एनजीओ की ओर से संचालित गोशाला में गायों के रखरखाव, स्वास्थ्य और खानपान की व्यवस्था देखी। जांच में गायों की टैगिंग नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई व तत्काल टैगिंग कराने का निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने गाय को गुड़ और केला खिलाया तथा पूजा-अर्चना की। गोआश्रय केंद्र की बाउंड्री का निर्माण नहीं होने पर बताया गया कि पहले ही लिखकर दिया जा चुका है, लेकिन बीडीओ ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। कहा कि गायों की सेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। गोबर और गोमूत्र प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ युवाओं के लिए रोजगार का जरिया बन सकते हैं। इससे खेती को मजबूती मिलेगी और युवा आत्मनिर्भर बनेंगे।