सरकार ने शनिवार से कांबिनेशन दवाओ को प्रतिबंध करने का फरमान जारी किया है। इस आदेश के बाद दवा व्यवसायी 344 कांबिनेशन दवाएं नहीं बेच सकेंगे। चिकित्सक भी मर्ज के हिसाब से ही मरीजों को दवा देंगे। सरकार का आदेश मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है।
ड्रग इंस्पेक्टर ओेपी यादव ने जिले में करीब एक हजार मेडिकल स्टोर संचालकों को कांबिनेशन दवाओं की बिक्री न करने का फरमान जारी किया है। अचानक कांबिनेशन दवाओं की बिक्री पर रोक लगने से मेडिकल स्टोर संचालक असमंजस में हैं। जबकि कुछ मेडिकल स्टोर संचालकों को कांबिनेशन दवाएं बंद होने की जानकारी नहीं है।
सरकार की ओर से कांबिनेशन वाली 344 दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मचा है। अमूमन सर्दी, बुखार, खांसी जैसे सामान्य रोगों की अधिकतर दवाएं कांबिनेशन वाली होती है। सरकार के फरमान को ड्रग इंस्पेक्टर ओपी यादव ने बृहस्पतिवार तक प्रत्येक मेडिकल स्टोर संचालकों तक पहुंचा दिया है। मेडिकल स्टोर संचालक विकास यादव और मनोज गुप्ता बताते हैं कि कांबिनेशन दवा की बिक्री पर प्रतिबंध लगने से मरीजों पर भार बढ़ेगा।
कांबिनेशन में एक ही दवा से मरीज का काम चल जाता था। फिलहाल चिकित्सक जो दवाएं लिखेंगे वे वही दवा रखेंगे। मुकेश कुमार और लेखराज बताते हैं कि उन्हें अभी तक कांबिनेशन दवाओं की बिक्री पर रोक की कोई जानकारी नहीं है।