सुल्तानपुर। नेशनल इंटर कॉलेज में बुधवार को एक कमरे की जर्जर छत ढहाते समय तीन मजदूरों पर मलबा गिर पड़ा। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जेसीबी से छत के मलबे को हटाकर तीन मजदूरों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक एक मजदूर की मौत हो चुकी थी। दो अन्य मजदूरों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद पहुंचे एसडीएम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कस्बे में नेशनल इंटर कॉलेज है। कॉलेज के प्रिसिंपल डॉ. केडी सिंह ने एक जर्जर कमरे की छत गिराने का ठेका राम आधार (50) निवासी अंदारायपुर कोतवाली कादीपुर को दिया था। बुधवार को राम आधार अपने गांव के ही राम मिलन और राम सूरत के साथ कॉलेज पहुंचा था।
तीनों जर्जर कमरे की छत गिरा रहे थे। अचानक छत भर-भराकर तीनों मजदूरों पर ढह गई। चीख-पुकार के बाद पहुंचे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस जेसीबी के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जेसीबी की मदद से छत के मलबे को हटाकर तीनों मजदूरों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक राम आधार की मौत हो चुकी थी।
राम मिलन और राम सूरत को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया है। कॉलेज प्रशासन की सूचना के बाद एसडीएम महेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
अंदारायपुर गांव निवासी राम आधार के परिवार में पत्नी के साथ ही बेटा सुभाष, शुभम, गंगोली और इकलौती बेटी शिल्पा है। राम आधार की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
एसडीएम कादीपुर महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को किसान बीमा के तहत आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।