ठंड से बचने के लिए बस स्टेशन के पास अलाव तापते बच्चे। - संवाद
सुल्तानपुर। तेज शीतलहर से शनिवार को भी लोगों की कंपकंपी छूटती रही। लोग घरों से बेहद कम निकले और सरकारी कार्यालयों में भी भीड़भाड़ नजर नहीं आई। दिनभर जगह-जगह लोग गर्म कपड़ों में लिपटे अलाव तापते नजर आए।
मौसम में यह बदलाव बृहस्पतिवार से आया है। तब अचानक अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्यिसस से घटकर 15 डिग्री हो गया था। उसी दिन तेज कोहरा पड़ने से सर्दी बढ़ गई है। शुक्रवार से ही तेज हवा चलने लगी जिससे शहर में कोहरा तो ज्यादा नहीं पड़ रहा है किंतु सर्दी बढ़ी हुई है।
स्कूलों में भी अवकाश घोषित है, ऐसे में शनिवार को सड़कों पर लोग बेहद कम नजर आए। विकास भवन से लेकर कलेक्ट्रेट तक आमजन की संख्या बहुत कम दिखाई दी। सरकारी कर्मचारी भी कमरों में हीटर सेंकते दिखाई दिए। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र कहते हैं कि फिलहाल मौसम ऐसा ही बना रहेगा। धूप कभी-कभार ही निकलेगी।
बेगमपुरा एक्सप्रेस तीन घंटे रही लेट
कोहरे के कारण शनिवार को कई ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं। वाराणसी से जम्मूतवी जाने वाली गाड़ी संख्या 12238 बेगमपुरा एक्सप्रेस करीब तीन घंटे व देहरादून से हावड़ा जाने वाली गाड़ी संख्या 12370 कुंभ एक्सप्रेस एक घंटे 30 मिनट देरी से पहुंची। इस कारण रेलवे स्टेशन के बाहर सुर्कलेटिंग में जल रहे अलाव के सहारे यात्रियों ने समय गुजारा। सीटीआई रईस अहमद ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनें लेटे हो रही हैं।