दूबेपुर (सुल्तानपुर)। विश्व साइकिल दिवस पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अमहट स्थित कांशीराम कॉलोनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में विचार गोष्ठी हुई।
मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. डीके त्रिपाठी ने कहा कि साइकिल चलाना अपने आप में पूर्ण व्यायाम है। जो व्यक्ति नियमित रूप से साइकिल चलाता है, वह निरोगी और सक्रिय रहता है। सिर्फ आधे घंटे की साइकिलिंग से मोटापा दूर होता है और कई तरह की जटिल बीमारियों की चपेट में आने से बचा जा सकता है। हालांकि अस्थमा, गठिया व जोड़ों के दर्द से पीड़ित लोगों को उन्होंने साइकिल न चलाने की सलाह दी है।
इसके पहले सुबह करीब नौ बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कांशीराम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से अमहट चौराहे तक मातहतों के साथ समूह में साइकिल चलाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. आरके कन्नौजिया, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लालजी, एसीएमओ डॉ. राधा बल्लभ, लॉजिस्टिक मैनेजर अमित कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. नजीब जंग, अर्बन हेल्थ को-ऑर्डिनेटर विकास यादव आदि मौजूद रहे।