सुल्तानपुर : खेतों में काम करते किसान।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। जिले में शनिवार रात हुई बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। मौसम साफ होने से ग्रामीण क्षेत्रों में खेती-किसानी के कार्यों में तेजी आ गई। मौसम विभाग ने 24 घंटे में घने बादल छाए रहने के साथ मध्यम से तेज वर्षा का अनुमान लगाया है।
शनिवार को रात करीब 12 बजे के बाद बारिश शुरू हो गई। बारिश रविवार की भोर तक हुई। बारिश से कई स्थानों पर जलभराव हो गया। रात भर बारिश होने से सड़क व रास्तों पर कीचड़ हो गया। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे।
दोपहर तक धूप नहीं हुई। धूप नहीं निकलने से गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिल गई। दिन भर बारिश नहीं होने से किसानों ने खेती-किसानी का कार्य भी तेज कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में घने बादल छाए रहने के साथ मध्यम से तेज वर्षा होने का अनुमान लगाया है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है।
नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम पर्यवेक्षक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में आर्द्रता (नमी) 98-84 फीसदी रही। दक्षिणी-पुरवा हवा की गति 7.5 किमी/घंटे रिकॉर्ड की गई।