सुल्तानपुर। सावन के पहले सोमवार को हुई बारिश से जिलेभर में मौसम सुहाना हो गया। सुबह शहर और दोपहर बाद ग्रामीण क्षेत्रों में हुई बारिश से उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। वहीं, बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे भी खिल उठे। हालांकि शहर के कई मोहल्लों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिछले दो दिनों से छाए बादलों ने सोमवार को राहत की बारिश की। कूरेभार, भदैंया, दूबेपुर, बल्दीराय समेत कई क्षेत्रों में हुई वर्षा से धान समेत अन्य फसलों को फायदा पहुंचा है। सुबह करीब एक घंटे और दोपहर बाद आधे घंटे तक हुई तेज बारिश से खेतों में नमी लौट आई।
सोनारा गांव के किसान मनोज कुमार ने बताया कि बारिश नहीं होने से धान के खेतों में दरारें पड़ गई थीं। अब फसल को राहत मिली है और बेहतर उत्पादन की उम्मीद जगी है। सुदनापुर के रामसुबरन ने बताया कि गन्ने की फसल में अब खाद और अन्य जरूरी दवाओं का प्रयोग समय पर किया जा सकेगा। शेखपुरा के दान बहादुर तिवारी ने बताया कि धान की रोपाई के बाद बारिश नहीं होने से चिंता बढ़ गई थी, लेकिन अब राहत मिली है।
बारिश के कारण शहर के दरियापुर, शास्त्रीनगर, राईन नगर, डिहवा, पंचरास्ता और विवेकनगर समेत कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
इनसेट
सब्जी उत्पादकों को भी राहत
बारिश से सब्जी उत्पादक किसानों को भी फायदा हुआ है। भिंडी, लौकी, बैंगन, तोरई, नेनुआ और खीरे की फसलों को पर्याप्त नमी मिलने से उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है। किसान साकिर ने बताया कि सिंचाई और बिजली कटौती की समस्या के बीच यह बारिश राहत लेकर आई है।
इनसेट
आज भारी बारिश की संभावना
मौसम विज्ञानी भूपेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले में 7.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने मंगलवार को भी जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है।
बारिश में जलभराव
बारिश में जलभराव