कांपा में चल रहा कचरा निस्तारण प्रोजेक्ट का काम।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। शहरी क्षेत्र के साथ अब ग्राम पंचायतों में भी कचरा निस्तारण की व्यवस्था होगी। शासन ने कचरा निस्तारण की व्यवस्था के लिए पहले चरण में जिले की 63 ग्राम पंचायतों का चयन किया है। ग्राम पंचायतों में सूखा व गीला कचरा निस्तारण के लिए अलग-अलग प्रोजेक्ट लगेंगे। एक ग्राम पंचायत में प्रोजेक्ट लगाने पर करीब 60 लाख रुपये तक का खर्च आएगा। 10 ग्राम पंचायतों में प्रोजेक्ट के निर्माण के लिए शासन ने पहली किस्त जारी कर दी है।
स्वच्छता मिशन के तहत शासन की ओर से ग्राम पंचायतों को आदर्श ओडीएफ प्लस घोषित करने की तैयारी की गई है। इसके तहत शहरी क्षेत्र की तरह ही ग्राम पंचायतों में भी कचरा निस्तारण की व्यवस्था की जा रही है। ग्राम पंचायतों में पहली बार कचरा निस्तारण का प्रोजेक्ट स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। इसके पहले चरण में जिले की 63 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। चयनित पंचायतों में सूखा व गीला कचरा निस्तारण के लिए प्रोजेक्ट लगाए जाएंगे। इनमें गांवों से प्रतिदिन निकलने वाले सूखे व गीते कचरे को स्थानीय स्तर पर निस्तारित किया जाएगा।
इस योजना में चयनित जिले की 63 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 10 के लिए शासन ने पहली किस्त की धनराशि जारी कर दी है। इसके बाद जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती ने ग्राम पंचायतों को निर्माण कराने का निर्देश दिया है। जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती ने बताया कि शासन की ओर से 10 ग्राम पंचायतों को धनराशि जारी की गई हैं। इन पंचायतों में भूमि चयनित कर ली गई है। धनराशि पाने वाली ग्राम पंचायतों को तत्काल कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया है।
कांपा में शुरू कराया निर्माण
बल्दीराय की कांपा ग्राम पंचायत में सूखा व गीला कचरा निस्तारण के प्रोजेक्ट का निर्माण शुरू कराया गया है। इसके लिए एडीओ पंचायत दयावंत सिंह ने भूमि पूजन किया। बताया कि ग्राम पंचायत में सूखा व गीला कचरा निस्तारण के लिए अलग-अलग प्रोजेक्ट बनाया जा रहा है।