सुल्तानपुर। किराना दुकानदार की पिटाई करने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के मामले में सीजेएम आशारानी सिंह ने बुधवार को गोसाईगंज थाने के एक सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
गोसाईगंज बाजार में आबाद अहमद की किराना की दुकान है। आबाद अहमद की दुकान से गोसाईगंज थाने में तैनात सिपाही विनोद कुमार सिंह घरेलू सामान व राशन खरीदकर ले जाते थे। इसका 1,076 रुपया उधार हो गया था।
आरोप है कि उधार रुपया मांगने पर सिपाही विनोद कुमार सिंह ने 23 नवंबर 2018 को दुकानदार की पिटाई कर दी थी और दोबारा रुपया मांगने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी।
पुलिस के मुकदमा नहीं दर्ज करने पर पीड़ित दुकानदार आबाद अहमद ने सीजेएम कोर्ट में अर्जी दी थी। सीजेएम आशारानी सिंह ने बुधवार को पीड़ित दुकानदार की अर्जी मंजूर कर गोसांईगंज एसओ को आदेश दिया है कि वे मामले में आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना करें।