सुल्तानपुर। कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर डोर-टू-डोर सर्वे के लिए ग्राम पंचायतों में चाइनीज इंफ्रारेड थर्मामीटर व पल्स ऑक्सीमीटर की आपूर्ति की गई है। अब ग्राम पंचायतों से इसका भुगतान लेने की तैयारी चल रही है।
कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए शासन ने डोर-टू-डोर सर्वे कराने का निर्देश दिया है। इसके लिए थोक में चाइनीज इंफ्रारेड थर्मामीटर व पल्स ऑक्सीमीटर की खरीद की गई है।
अधिकारियों का निर्देश बताकर ब्लॉकों के एडीओ पंचायतों के माध्यम से उसे ग्राम पंचायतों में आशा बहुओं के पास पहुंचा दिया गया। इसी से आशा बहुएं घर-घर सर्वे कर रही हैं। कई ग्राम पंचायतों में चाइनीज इंफ्रारेड थर्मामीटर व पल्स ऑक्सीमीटर का विरोध भी हुआ। इसके बाद भी अधिकारियों ने इसका संज्ञान नहीं लिया।
जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला पंचायतराज अधिकारी ने ग्राम पंचायतों को इंफ्रारेड थर्मामीटर व पल्स ऑक्सीमीटर खरीदने का निर्देश दिया था। ग्राम पंचायतों की ओर से इसे खरीदकर आशा बहुओं को दिया जाता, इसके पहले ही जिले से आपूर्ति पहुंच गई।
जिला पंचायतराज अधिकारी केके सिंह चौहान का कहना है कि आपूर्तिकर्ता कार्यालय में आते रहते हैं। आपूर्तिकर्ताओं को ग्राम पंचायतों से संपर्क करने को कहा गया था, लेकिन चाइनीज सामान खरीदने के लिए नहीं कहा था। सिर्फ पीपीकमैचा में चीन निर्मित इंफ्रारेड थर्मामीटर व पल्स ऑक्सीमीटर पहुंचने की जानकारी मिली है।