सुल्तानपुर। निजी स्कूलों में प्रवेश की चाहत रखने वाले अलाभित वर्ग के बच्चे फिर से आवेदन कर सकेंगे। दूसरे चरण में भी आवेदन ऑनलाइन होगा। आवेदन एक से 19 जनवरी तक लिए जाएंगे। आवेदनों की जांच करने के बाद लॉटरी के माध्यम से बच्चों का चयन किया जाएगा।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी विद्यालयों में प्री-प्राइमरी व कक्षा एक में प्रवेश के लिए पहला चरण पूरा हो चुका है। पहले चरण में 730 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसमें 318 आवेदन सही पाए गए। ई-लाॅटरी सिस्टम से 252 बालक-बालिकाओं का चयन किया गया और विद्यालय भी आवंटित कर दिए गए हैं। पहले चरण में स्थान न पाने वाले बच्चों को दूसरे चरण में आवेदन का मौका दिया गया है।
आवेदन की प्रक्रिया पहले जैसी ही होगी। जिला समन्वयक आरटीई योगेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि दुर्बल आय वर्ग के बच्चों के लिए निजी स्कूलों में पढ़ाई करने का मौका सरकार की ओर से दिया जाता है। इसमें बच्चों की पढ़ाई का सारा खर्च सरकार वहन करती है। नजदीकी निजी विद्यालय में बच्चे का प्रवेश कराया जाता है।
लॉटरी से होगा बच्चों का चयन
अलाभित आय वर्ग के बच्चों को दोबारा आवेदन करने का मौका दिया गया है। आवेदनों की जांच कार्यालय की ओर से गठित टीम करेगी और लाॅटरी से बच्चों का चयन होगा। -उपेंद्र गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी