सुल्तानपुर। गर्मियों की छुट्टी के बाद जब सोमवार को विधिवत स्कूल खुले तो बच्चों का भव्य स्वागत किया गया। बच्चों के माथे पर शिक्षकों ने तिलक लगाया, फूल देकर उनका अभिवादन किया तो बच्चों ने भी शिक्षकों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। जोश के साथ पूरे दिन खेलकूद के साथ ही पढ़ाई भी की गई। साथ ही कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। मिड-डे-मील में बच्चों को खीर खिलाई गई।
एक जुलाई से जिले के परिषदीय स्कूलों में प्रवेश उत्सव भी शुरू किया गया है। दूबेपुर स्थित उच्च प्राथमिक स्कूल में डीएम कृत्तिका ज्योत्सना ने बच्चों के माथे पर तिलक लगाया और फूल देकर स्वागत किया। इस मौके पर डीएम ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और प्रतिदिन स्कूल आने का संकल्प लिया।
उन्होंने मौजूद अभिभावकों को बच्चों के दाखिले के लिए प्रोत्साहित किया। डीएम व सीडीओ ने किताबें बांटने के निर्देश दिए। साथ ही यहीं पर स्कूल चलो अभियान की शुरूआत भी की। इस दौरान बीएसए दीपिका चतुर्वेदी, उप जिलाधिकारी सदर टीपी सिंह, डीपीआरओ अभिषेक शुक्ला, उच्च प्राथमिक विद्यालय दूबेपुर प्रधानाध्यापक शिव बहादुर सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी दूबेपुर राम तीर्थ वर्मा आदि मौजूद रहे।
स्कूलों में कम पहुंचे बच्चे
लंभुआ। नए शैक्षिक सत्र के पहले दिन सोमवार को बेसिक स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति काफी कम रही। कंपोजिट विद्यालय लंभुआ द्वितीय में नामांकित 187 के सापेक्ष सिर्फ 67 बच्चे ही मौजूद मिले। भोजन व्यवस्था के लिए रसोइया चावल का इंतजार करते मिले। बाद में बाइक पर लादकर चावल पहुंचाए गए। प्राथमिक विद्यालय जगन्नाथपुर में प्रधानाध्यापिका सविता सिंह के साथ 36 में 24 बच्चे उपस्थित थे। मॉडल इंग्लिश मीडियम परिषदीय विद्यालय लंभुआ में 212 में सिर्फ 82 बच्चे आए। प्राथमिक विद्यालय घाटमपुर दक्षिणी में 53 में 20 और प्राइमरी मुरली में 44 में सिर्फ 12 बच्चे पहले दिन आए। कुड़वार कंपोजिट विद्यालय पूरे ऋषि में 191 बच्चों में सिर्फ 47 बच्चे उपस्थित रहे। प्रभारी हेडमास्टर उमेश सिंह ने बताया कि मेन्यू के अनुसार रोटी व सब्जी के साथ फल व हलुआ बच्चों को खिलाया। उच्च प्राथमिक विद्यालय देवलपुर में बच्चे प्रथम दिन फल व भोजन कर खुश रहे। कंपोजिट विद्यालय राजापुर में हेडमास्टर दिनेश शुक्ल ने बच्चों का स्वागत करते एमडीएम का स्वाद चखाया। कादीपुर में पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय कादीपुर में विद्यालय खुलने के प्रथम दिन बच्चों को संचारी रोग से बचाव करने के उपाय बताए गए।
कंपोजिट लंभुआ द्वितीय में बांटी गईं किताबें
लंभुआ। ब्लॉक प्रमुख डॉ. कुंवर बहादुर सिंह ने कंपोजिट विद्यालय लंभुआ द्वितीय में किताबें बच्चों को बांटी। बीडीओ अजय सिंह ने कहा कि विद्यालयों में पाठ्य पुस्तकें बच्चों की संख्या के लिहाज से भेजी जा चुकी हैं। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रसून मालवीय, अमर सेन सिंह, जैकी सिंह, चंचल सिंह, शिवम सिंह, रवीन्द्र सिंह, जितेंद्र तिवारी मौजूद रहे।
पुराने बैग व ड्रेस पहन कर पहुंचे नौनिहाल
भदैया। ब्लॉक के पहले दिन लगभग सभी छात्र पुराने बैग, ड्रेस व जूता पहनकर ही स्कूल पहुंचे। भरसारे में प्रधानाध्यापिका वंदना यादव द्वारा छात्रों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय नरायनपुर, कंपोजिट विद्यालय शंभूगंज, प्रावि भरसारे, बेलासदा मे भी बच्चों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया है। हालांकि जूता, मोजा, ड्रेस व बैग अभी तक बच्चों को नहीं मिला है। किंतु किताबें पाकर बच्चे प्रसन्न नजर आए। बीईओ भदैंया उदय राज मौर्य ने बताया कि अभी तक शासन से हर अभिभावक के खाते मे पैसा भेजा गया है।